स्टेट पेज जशपुर /कुनकुरी :-
जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार आम से लदी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर श्री नदी पुल से टकरा गई और नीचे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन क्रमांक JH-07M/9225 में आम लोड था और वाहन तपकरा की ओर से कुनकुरी की तरफ आ रहा था। हादसे के समय वाहन में चालक अकेला मौजूद था। घटना खारी झरिया स्थित श्री नदी पुल पर तड़के करीब 4 बजे हुई बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं जांच कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार के कारण वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मृतक चालक की पहचान और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।




