spot_img
spot_img
Homeक्राइमखाने को लेकर हुआ विवाद, बेटे ने पीट-पीटकर मां की कर दी...

खाने को लेकर हुआ विवाद, बेटे ने पीट-पीटकर मां की कर दी हत्या                शराब के नशे में अधजले लकड़ी के डंडे से किया हमला, बीच-बचाव करने आई बहन को भी पीटा; आरोपी गिरफ्तार

स्टेट पेज — जशपुर :-

जशपुर के गढ़ाटोली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में धुत बेटे ने मामूली विवाद पर अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। देर रात घर पहुंचकर खाना मांगने को लेकर मां से हुए विवाद के बाद आरोपी ने चूल्हे के पास पड़े अधजले लकड़ी के डंडे से मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

                पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र के गढ़ाटोली की है। मृतिका वेनेदिक्ता कुजूर के पति सुरेन्द्र मिंज ने 8 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 7 नवंबर की शाम वह डोडकाचौरा में एक निर्माणाधीन मकान की रखवाली करने गए थे। घर में उनकी पत्नी और बच्चे मौजूद थे।
रात करीब 11 से 12 बजे के बीच उनका बड़ा बेटा रोशन मिंज उर्फ जिंदल (22 वर्ष) शराब के नशे में घर पहुंचा और खाना मांगा। मां ने घर में दिन का खाना रखे होने की बात कहते हुए उसे निकालकर खाने को कहा। इसी बात पर आरोपी गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करते हुए चूल्हे के पास रखा अधजला लकड़ी का डंडा उठाकर मां के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार कर दिए। मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची बहन के साथ भी आरोपी ने डंडे से मारपीट की। इसके बाद छोटे भाई को भी धमकाया और मौके से फरार होकर जुरगुम की ओर चला गया।
घटना के बाद घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पति भी अस्पताल पहुंचे। इसी दौरान महिला ने उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। उपचार के दौरान वेनेदिक्ता कुजूर ने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

       मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी रोशन मिंज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने बयान में शराब के नशे में मां से विवाद होने और अधजले लकड़ी के डंडे से हमला करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी जब्त किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा शव का पोस्टमार्टम कराया।
आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल पिता सुरेन्द्र मिंज, उम्र 22 वर्ष, निवासी गढ़ाटोली जशपुर के विरुद्ध सिटी कोतवाली में मर्ग क्रमांक 142/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 369/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू एवं नंदलाल राम, प्रधान आरक्षक प्रीतम टोप्पो, आरक्षक शोभनाथ सिंह और नगर सैनिक रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

गंभीर अपराध करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : एसएसपी

        डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सिटी कोतवाली क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के गंभीर अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
clear sky
19.6 ° C
19.6 °
19.6 °
72 %
1.1kmh
0 %
Thu
27 °
Fri
27 °
Sat
28 °
Sun
28 °
Mon
28 °

Most Popular