स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :-
जशपुर जिले के सन्ना तहसील अंतर्गत ग्राम पंडरापाठ में निर्माणाधीन डैम परियोजना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर जशपुर को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि डैम का निर्माण स्वीकृत स्थल चूंदापाठ, गेउर नदी एवं घोड़ा पत्थर क्षेत्र के बजाय गेउर नदी दुम्हान पुलिया के समीप किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले न तो ग्रामसभा की सहमति ली गई और न ही प्रभावित लोगों को इसकी जानकारी दी गई। वर्तमान निर्माण स्थल के कारण कई किसानों की कृषि भूमि डूब क्षेत्र में आ रही है, जिससे उनकी आजीविका पर संकट मंडरा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अब तक प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार का मुआवजा या पुनर्वास संबंधी जानकारी नहीं दी गई है। विशेष रूप से पहाड़ी कोरवा जनजाति सहित अन्य ग्रामीणों ने परियोजना पर असहमति जताते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने, प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा एवं पुनर्वास देने तथा दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदारों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो वे जनसुनवाई एवं अन्य वैधानिक मंचों के माध्यम से आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे।






