स्टेट पेज – सुनील सिन्हा
नवा रायपुर, 14 जुलाई 2026 :-
लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ ने विभाग अंतर्गत शालाओं एवं कार्यालयों में कार्यरत समस्त गैर शैक्षणिक कर्मचारियों के संलग्नीकरण को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। संचालनालय द्वारा जारी आदेश में संबंधित कर्मचारियों को संलग्नीकरण संस्था/कार्यालय से कार्यमुक्त होकर अपनी मूल पदस्थ संस्था में उपस्थिति देने के निर्देश दिए गए हैं।
लोक शिक्षण संचालनालय ने पूर्व में जारी निर्देशों के तहत सभी गैर शैक्षणिक कर्मचारियों की उपस्थिति ऑनलाइन एप के माध्यम से दर्ज करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कई कर्मचारी संलग्नीकरण समाप्त होने के बाद भी अपनी मूल पदस्थ संस्था/कार्यालय में उपस्थित होकर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करा रहे थे। संचालनालय ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत कदाचार माना है।
जारी आदेश के अनुसार सभी गैर शैक्षणिक कर्मचारियों को एक सप्ताह के भीतर अपनी मूल पदस्थ संस्था/कार्यालय में कार्यभार ग्रहण कर ऑनलाइन एप में पंजीयन कर नियमित उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य होगा। निर्देशों का पालन नहीं करने वाले कर्मचारियों का माह जुलाई 2026 का वेतन रोका जाएगा तथा उनके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी संभागीय संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने और निर्धारित समयावधि में पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।






