सुनील सिन्हा स्टेट पेज जशपुरनगर :-
छत्तीसगढ़ का जशपुर जिला अब प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ नाशपाती उत्पादन के लिए भी नई पहचान बना रहा है। सन्ना और मनोरा की पहाड़ियों में होने वाली नाशपाती की खेती किसानों के लिए किसी ‘ग्रीन गोल्ड’ से कम साबित नहीं हो रही है। बेहतर उत्पादन, बढ़ती मांग और अच्छे बाजार भाव के कारण जिले के किसान बागवानी के माध्यम से लाखों रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं।
इस सफलता की एक मिसाल सन्ना तहसील के ग्राम बहोरा निवासी किसान अनुपम तिर्की हैं। उन्होंने अपने दो प्लॉट में करीब दो हजार नाशपाती के पेड़ लगाए हैं। इस सीजन में उन्होंने अपने पूरे बाग का सौदा एक व्यापारी से 9 लाख रुपये में किया है। व्यापारी बाग से अपनी सुविधा अनुसार चरणबद्ध तरीके से फल की तुड़ाई कर बाजार तक पहुंचा रहा है। इस सौदे ने क्षेत्र के किसानों के बीच नाशपाती की लाभकारी खेती की नई उम्मीद जगाई है।
सन्ना और मनोरा क्षेत्र की जलवायु तथा उपजाऊ मिट्टी नाशपाती उत्पादन के लिए बेहद अनुकूल मानी जाती है। वैज्ञानिक पद्धति से बागानों की देखरेख करने वाले किसानों को प्रति पेड़ 400 से 500 किलोग्राम तक उत्पादन मिल रहा है। बाजार में 40 से 60 रुपये प्रति किलोग्राम तक के थोक भाव मिलने से किसानों को बेहतर आमदनी हो रही है। सबसे बड़ी बात यह है कि अब व्यापारी स्वयं बागानों तक पहुंचकर फलों की खरीदी कर रहे हैं, जिससे किसानों को बिचौलियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।
कभी पारंपरिक खेती तक सीमित रहने वाले जशपुर के किसान अब उद्यानिकी विभाग के मार्गदर्शन में बागवानी की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। नाशपाती की खेती ने न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत की है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति दी है। फल से लदे बागान अब कृषि-पर्यटन (एग्रो-टूरिज्म) के आकर्षण का केंद्र भी बनते जा रहे हैं।
उद्यानिकी विभाग के प्रोत्साहन से जिले में लगातार नाशपाती के बागानों का रकबा बढ़ रहा है। किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह तकनीकी मार्गदर्शन और बाजार उपलब्ध होता रहा तो आने वाले वर्षों में जशपुर प्रदेश में नाशपाती उत्पादन का प्रमुख केंद्र बन सकता है। जशपुर के किसानों की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि वैज्ञानिक खेती, मेहनत और सही मार्गदर्शन से बागवानी को लाभकारी व्यवसाय में बदला जा सकता है।






