स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :-
जिले में यात्री बसों में किराया वसूली को लेकर सरकार के नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। बस स्टैंड, यात्री प्रतीक्षालय और बसों में किराया सूची नहीं होने से यात्रियों से मनमाना किराया वसूला जा रहा है। परिवहन विभाग के नियमों के बावजूद न तो बस संचालक इनका पालन कर रहे हैं और न ही जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान दे रहे हैं।
यात्रियों का कहना है कि किराया अधिक होने पर विरोध करने पर बस कर्मचारियों का जवाब होता है, जाना है तो चलो, नहीं तो दूसरी बस देख लो। ऐसे में यात्री मजबूरी में मांगा गया किराया चुकाने को विवश हो जाते हैं। यह स्थिति जिला मुख्यालय सहित जिले के अधिकांश बस स्टैंडों पर देखने को मिल रही है।
नियमों के अनुसार बस स्टैंड, यात्री प्रतीक्षालय और प्रत्येक यात्री बस में प्रमुख मार्गों की किराया सूची ऐसे स्थान पर प्रदर्शित होनी चाहिए, जहां यात्रियों को आसानी से दिखाई दे। लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। बसों में भी किराया सूची नहीं होने से यात्री यह नहीं जान पाते कि उन्हें निर्धारित किराया कितना देना है।
*ई-टिकट में भी नहीं दिखता किराया*
इन दिनों विशेषकर रात में चलने वाली लग्जरी बसों में मोबाइल एप के माध्यम से ई-टिकट जारी किए जा रहे हैं। इन टिकटों में यात्रा से जुड़ी जानकारी तो दर्ज रहती है, लेकिन किराए का उल्लेख नहीं होता। इससे यह पता ही नहीं चलता कि यात्री से कितना किराया लिया गया है, जबकि नियम के अनुसार टिकट में किराया स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए।
*आरटीओ बोले- होगी कार्रवाई*
मामले में जिला परिवहन अधिकारी अरविंद भगत ने कहा कि नियमों के अनुसार बस स्टैंड, यात्री प्रतीक्षालय और बसों में किराया सूची प्रदर्शित होना अनिवार्य है। यदि कहीं किराया सूची नहीं लगी है तो उसे लगवाने के लिए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यात्रियों को आरटीओ की वेबसाइट पर उपलब्ध किराया कैलकुलेटर का उपयोग करने की भी सलाह दी।
क्या कहते हैं अधिकारी
“बस स्टैंड और बसों में यात्री किराया सूची चस्पा होना चाहिए। यदि यह नहीं लगी है तो सूची लगवाने के लिए कार्रवाई की जाएगी।”
— अरविंद भगत, जिला परिवहन अधिकारी, जशपुर






