स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :-
जशपुर पुलिस ने शहर के एक किराना व्यापारी की दुकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान, नगदी तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त किया है।
मामला सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र का है। प्रार्थी विक्रम ताम्रकार ने 10 मई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी लक्ष्मी गुड़ी मंदिर के पास स्थित “विक्रम किराना दुकान” का शटर तोड़कर अज्ञात चोर लाखों रुपये की राशन सामग्री चोरी कर ले गए। घटना 8 और 9 मई की दरमियानी रात की बताई गई थी। मामले में पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4), 305(A), 3(5) एवं 317(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एसडीओपी चंद्रशेखर परमा के नेतृत्व में चार विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर टीम और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
जांच के दौरान नवाटोली, बनिया टोली, सरना टोली और करबला रोड जशपुर के रहने वाले संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी का सामान ऑटो में भरकर झारखंड के गुमला जिले के सकतारा गांव निवासी दुकानदार अमृत लाल केरकेट्टा को बेच दिया गया था।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जशपुर और झारखंड के विभिन्न स्थानों से आरोपियों को गिरफ्तार किया। फरार आरोपी नवाजिश खान को सिमडेगा, झारखंड से पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 58 डिब्बा 13 लीटर रिफाइन तेल, 7 बोरी चावल, 15 पाउच रिफाइन तेल, 34 बोतल सरसों तेल, एक पेटी साबुन, 36 पैकेट सिगरेट, चोरी की बिक्री से प्राप्त 1005 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक JH-07-E-7736 बरामद कर जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विरेन्द्र भगत, अजय रवानी, कार्तिक भगत, पमित बरला, अमृत लाल केरकेट्टा तथा नवाजिश खान शामिल हैं। पुलिस ने पांच आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
मामले की कार्यवाही मे एस डी ओ पी जशपुर चंद्रशेखर परमा, थाना प्रभारी जशपुर मोर ध्वज देशमुख, साइबर सेल से उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक अनूप भगत व प्रधान आरक्षक राजेश पाल, आरक्षक उपेंद्र सिंह व नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख , रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि चोरी जैसे अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।






