स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :- जशपुर में आयोजित स्वर्गीय शत्रुंजय प्रताप सिंह जूदेव मेमोरियल फ्लड लाइट अंतरराज्यीय टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आगाज 25 अप्रैल से हो चुका है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आई करीब 40 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में खेल का माहौल बना हुआ है।
टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर जशपुर विधायक रायमुनी भगत सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में विजेता टीम के लिए 3,11,111 रु और उपविजेता के लिए 1,11,111रु की आकर्षक पुरस्कार राशि रखी गई है, वहीं “मैन ऑफ द सीरीज” को बाइक पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी।
गुरुवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज के साथ हुई बारिश से मैदान में जगह-जगह पानी भर गया, जिससे मैच आयोजन पर संकट खड़ा हो गया। हालांकि, आयोजन समिति के सदस्यों ने हार नहीं मानी और मैदान को जल्द खेलने योग्य बनाने के लिए अनोखी पहल की। उन्होंने जुट के बोरे पानी में डुबोकर बाल्टियों में भर-भरकर पानी को मैदान से बाहर निकाला और ग्राउंड को सुखाने में जुट गए।
समिति के इस प्रयास से कुछ ही समय में मैदान फिर से खेल के लिए तैयार हो गया और मैच सुचारू रूप से जारी रखा जा सका। इस दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
आयोजकों के अनुसार, यह टूर्नामेंट न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच भी प्रदान कर रहा है। आगरा, भुवनेश्वर, कटक, रांची, अंबिकापुर और हजारीबाग सहित कई शहरों की टीमें इसमें भाग लेकर प्रतियोगिता को रोमांचक बना रही हैं।
बारिश के बावजूद जिस तरह से आयोजन समिति और खिलाड़ियों ने जज्बा दिखाया, उसने खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जुनून को साबित कर दिया है।






