स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में इस बार जशपुर जिले के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहरा दिया है। जिले का कुल परीक्षा परिणाम 93 प्रतिशत से अधिक रहा, वहीं मेधावी छात्रों ने राज्य की टॉप-10 प्रावीण्य सूची में स्थान बनाकर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
सबसे ज्यादा चर्चा में रहीं 10वीं की छात्रा आयुषी सिन्हा, जिन्होंने 98.17 प्रतिशत अंक हासिल कर राज्य की मेरिट सूची में छठवां स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर है। आयुषी की सफलता ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं।
जिले में इस वर्ष 10वीं में 93.29 प्रतिशत और 12वीं में 93.32 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे। प्रथम श्रेणी में भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल की है। खास बात यह रही कि इस बार भी छात्राओं ने बाजी मारी—10वीं में 94.88 प्रतिशत और 12वीं में 94.70 प्रतिशत छात्राएं सफल रहीं।
5 छात्रों ने टॉप-10 में बनाई जगह
जिले के कुल 5 विद्यार्थियों ने राज्य की मेरिट सूची में स्थान बनाकर गौरव बढ़ाया है। आयुषी सिन्हा के अलावा 10वीं में भूपेश यादव (97.50%) ने भी टॉप-10 में जगह बनाई। वहीं 12वीं में आशा यादव (97.40%), करीना सिंह (97.20%) और आर्या पैंकरा (96.80%) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित किया।
आयुषी का सपना—डॉक्टर बनकर सेवा करना
शहर के टंकी टोली की निवासी आयुषी सिन्हा एक शिक्षक परिवार से आती हैं। उनके माता-पिता दोनों शिक्षक हैं, जिससे उन्हें शुरू से ही पढ़ाई का अनुकूल माहौल मिला। आयुषी ने नियमित रूप से रोजाना करीब 6 घंटे अध्ययन कर यह मुकाम हासिल किया।
उनका सपना है कि वे नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर डॉक्टर बनें और गरीब व जरूरतमंद लोगों की सेवा करें।
परिणाम घोषित होते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने भी आयुषी की इस उपलब्धि को जिले के लिए प्रेरणादायक बताया।
शिक्षकों और अभिभावकों की मेहनत रंग लाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने भरोसा जताया कि राज्य में शिक्षा सुधार के प्रयास आगे भी ऐसे ही बेहतर परिणाम देंगे।






