स्टेट पेज बिलासपुर :- भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बिलासपुर जिले में दो सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पहले मामले में रतनपुर क्षेत्र के लालपुर हल्का में पदस्थ पटवारी भानु चंद्राकर को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। शिकायतकर्ता ने जमीन के नक्शा बटांकन संबंधी कार्य के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि पटवारी ने काम पूरा करने के बदले मोटी रकम की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने योजना बनाकर कार्रवाई की और आरोपी को रिश्वत लेते हुए धर दबोचा।
वहीं दूसरी कार्रवाई मस्तूरी स्थित बिजली विभाग कार्यालय में की गई। यहां पदस्थ कर्मचारी सहदेव कुमार चंद्रा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। शिकायतकर्ता किसान ने खेत में निःशुल्क विद्युत पोल लगाने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी।
दोनों मामलों में ACB की टीम ने ट्रैप कार्रवाई कर आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा। इस कार्रवाई के बाद जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। जांच एजेंसी दोनों मामलों में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।






