स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :-
बिजली बिल की दरों में की गई वृद्धि के विरोध में बुधवार को कांग्रेस ने विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। बैरिकेडिंग तोड़कर विद्युत कार्यालय में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस जवानों के बीच झूमाझटकी भी हुई।
आंदोलन में शामिल होने के लिए कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला कांग्रेस भवन में एकत्रित हुए। यहां से वे रैली के रूप में बस स्टैंड पहुंचे, जहां सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया गया। पुतले में लगी आग को पुलिस जवानों ने पानी डालकर बुझा दिया।
इसके बाद रैली बस स्टैंड से सती उद्यान तालाब, गायत्री मंदिर और पुरानी टोली मार्ग होते हुए विद्युत विभाग कार्यालय पहुंची। कार्यालय परिसर के बाहर कोतवाली प्रभारी देशमुख के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग कर मुख्य प्रवेश द्वार को बंद कर दिया था।
घेराव करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़कर कार्यालय परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान कुछ देर तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति बनी रही।
मीडिया से चर्चा करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष यूडी मिंज ने कहा कि राज्य सरकार विद्युत वितरण में 6 हजार करोड़ रुपये के घाटे का हवाला देकर बिजली दरों में वृद्धि कर रही है, जबकि प्रदेश के बड़े उद्योगपतियों पर 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया है। उन्होंने कहा कि सरकार को आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने के बजाय उद्योगपतियों से बकाया राशि की वसूली पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में की गई वृद्धि का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें लगातार आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं के दाम बढ़ाकर आम जनता को परेशान कर रही हैं।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली दर वृद्धि का निर्णय वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।






