spot_img
spot_img
Homeप्रदेशबैंक ऑफ बड़ौदा जशपुर शाखा के औचक निरीक्षण पर पहुंचे क्षेत्रीय प्रबंधक...

बैंक ऑफ बड़ौदा जशपुर शाखा के औचक निरीक्षण पर पहुंचे क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप कुमार यादव, ग्राहक सेवा और व्यवसाय विस्तार पर दिया जोर                ग्राहक सम्मेलन में किया सीधा संवाद, शाखा की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर सुधार एवं उत्कृष्ट सेवा के दिए निर्देश

स्टेट पेज  जशपुर   सुनील सिन्हा :-

बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता, ग्राहक संतुष्टि एवं व्यवसाय विस्तार को लेकर बैंक ऑफ बड़ौदा की जशपुरनगर शाखा में सोमवार को बिलासपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदीप कुमार यादव ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाखा की समग्र कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की और शाखा की उपलब्धियों, चुनौतियों तथा सुधार की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक ने शाखा प्रबंधन को निर्देशित किया कि चिन्हित कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए तथा ग्राहकों को त्वरित, पारदर्शी और उच्च गुणवत्ता वाली बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने व्यवसाय वृद्धि को बैंक की प्राथमिकता बताते हुए नए ग्राहकों को जोड़ने, डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने तथा ग्राहक-केंद्रित सेवाओं के माध्यम से शाखा के प्रदर्शन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
श्री यादव ने शाखा निरीक्षण के साथ-साथ शहर के विभिन्न ग्राहकों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राहकों से सीधे संवाद कर उनकी बैंकिंग आवश्यकताओं, अपेक्षाओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने शाखा प्रबंधन को निर्देश दिए कि ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप सेवाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए, ताकि बैंक और ग्राहकों के बीच विश्वास और मजबूत हो सके।
सायंकाल शाखा परिसर में आयोजित ग्राहक सम्मेलन में क्षेत्रीय प्रबंधक ने ग्राहकों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने ग्राहकों की समस्याओं, सुझावों एवं बैंकिंग अनुभवों को गंभीरता से सुना और उनकी प्रतिक्रियाओं को जाना। ग्राहकों द्वारा शाखा की सेवाओं एवं प्रबंधन के प्रति व्यक्त सकारात्मक प्रतिक्रिया पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राहक संतुष्टि ही बैंक की वास्तविक सफलता का आधार है।
सम्मेलन में शहर के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों, उद्यमियों एवं बड़ी संख्या में ग्राहकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर बैंक की विभिन्न नई योजनाओं, ऋण सुविधाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं एवं ग्राहक हितैषी उत्पादों की जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के अंत में श्री यादव ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए बैंक और ग्राहकों के बीच संवाद एवं सहयोग की परंपरा को आगे भी निरंतर बनाए रखने का विश्वास दिलाया।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
clear sky
19.6 ° C
19.6 °
19.6 °
72 %
1.1kmh
0 %
Thu
27 °
Fri
27 °
Sat
28 °
Sun
28 °
Mon
28 °

Most Popular