स्टेट पेज -जशपुर – सुनील सिन्हा :-
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा युवाओं और नए मतदाताओं को संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेशभर में Join BJYM सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 अगस्त को जशपुर जिला मुख्यालय में विशाल सदस्यता अभियान के साथ भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। जिले में इस अभियान के तहत 6 हजार युवाओं को सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के निर्देश एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के मार्गदर्शन में लगभग आठ वर्ष बाद सदस्यता अभियान को नए स्वरूप में शुरू किया गया है। प्रदेशभर में 2 लाख नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि जशपुर जिले के लिए 6 हजार युवाओं और नवमतदाताओं को संगठन से जोड़ने की योजना बनाई गई है।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव ने बताया कि सदस्यता अभियान पूरी तरह निःशुल्क है। इच्छुक युवा Join BJYM पोर्टल के माध्यम से सीधे सदस्य बन सकते हैं। अभियान को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के लिए विशेष रेफरल कोड प्रणाली भी लागू की गई है, जिससे सदस्यता की प्रगति का आकलन किया जा सके।
उन्होंने बताया कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान 23 जुलाई से 20 सितंबर तक संचालित रहेगा। इसके तहत 9 अगस्त को जशपुर में जिला स्तरीय विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।
ऐतिहासिक होगी तिरंगा यात्रा
जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव ने बताया कि सदस्यता अभियान के साथ 9 अगस्त को जिला मुख्यालय में विशाल तिरंगा यात्रा भी निकाली जाएगी। इसे सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लगातार बैठकें कर रणनीति तैयार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में युवा स्वेच्छा से भाजपा और भाजयुमो से जुड़ रहे हैं। सदस्यता अभियान और तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए संगठन पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है।




