स्टेट पेज -जशपुर / कुनकुरी – सुनील सिन्हा :-
धर्म, न्याय और मनुष्य के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले भगवान श्री चित्रगुप्त महाराज की जयंती पर 11 नवंबर 2026, बुधवार को कुनकुरी के मंगल भवन में भव्य आयोजन किया जाएगा। कायस्थ समाज कल्याण समिति, कुनकुरी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठान के साथ सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और पारिवारिक आत्मीयता का संदेश दिया जाएगा।
कार्तिक मास की द्वितीया तिथि पर आयोजित इस समारोह में भगवान चित्रगुप्त महाराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। कायस्थ समाज में इस अवसर पर कलम और दवात की पूजा की विशेष परंपरा है, जो ज्ञान, शिक्षा, लेखन और नैतिक जिम्मेदारी का प्रतीक मानी जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान चित्रगुप्त मनुष्य के अच्छे-बुरे कर्मों का लेखा रखते हैं और उनकी आराधना सत्य, न्याय, ईमानदारी एवं सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
आयोजन के दौरान वरिष्ठजनों का सम्मान, नए सदस्यों का परिचय, बच्चों के लिए मनोरंजक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं तथा प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक स्नेह भोज के साथ होगा।
समिति का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी मेल-मिलाप, सहयोग और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक परंपराओं, संस्कारों और नैतिक मूल्यों से जोड़ना भी इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।






