spot_img
spot_img
Homeप्रदेशराज्योत्सव में जनसंपर्क विभाग के स्टॉल पर उमड़ रही भीड़।     ...

राज्योत्सव में जनसंपर्क विभाग के स्टॉल पर उमड़ रही भीड़।                           हजारों लोगों ने किया अवलोकन, योजनाओं और विकास कार्यों की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

स्टेट पेज – जशपुर – सुनील सिन्हा :-

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय प्रदर्शनी में जनसंपर्क विभाग जशपुर का स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। स्टॉल के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और जिले में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी जा रही है। अब तक हजारों नागरिक, छात्र-छात्राएं और जनप्रतिनिधि स्टॉल का अवलोकन कर चुके हैं।
स्टॉल में फोटो, बैनर और पुस्तिकाओं के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया है। यहां पहुंच रहे लोगों का कहना है कि एक ही स्थान पर शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं और जिले की उपलब्धियों की जानकारी मिलना उपयोगी है। इस दौरान जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित जनमन पुस्तिका का भी वितरण किया जा रहा है।
स्टॉल का अवलोकन करने वालों में रतिया के मिलर केरकेट्टा और जेम्स लकड़ा, करडीह की शारदा देवी, संकल्प कुनकुरी की छात्रा सैफीना बेक, सीमा गुप्ता, मनोरा के आनंद साय पैकरा, दुलदुला के राजकेश्वर राम तथा जशपुर के अशोक कुमार साय, अमिता बरवा, शकुंतला चौहान और अनुराधा भगत सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हैं।

प्रमुख योजनाओं और विकास कार्यों की दी जा रही जानकारी

प्रदर्शनी में प्रभु श्रीरामलला दर्शन योजना के तहत जिले के 16वें चरण में 194 श्रद्धालुओं को अयोध्या रवाना करने और अब तक 3062 से अधिक श्रद्धालुओं के लाभान्वित होने की जानकारी दी गई है। वहीं सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित योग एवं ध्यान सत्रों और नशामुक्ति की शपथ से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया गया है।
शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में जिले में मेडिकल कॉलेज की शुरुआत और एमबीबीएस की 50 सीटों पर प्रवेश की जानकारी दी गई है। मेडिकल कॉलेज के स्थायी भवन का निर्माण 359 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित है। इसके साथ ही बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए बगिया से रवाना की गई साइंस ऑन व्हील्स वैन तथा कंडोरा में फिजियोथेरेपी कॉलेज में इसी सत्र से शुरू होने वाले 50 सीटों के प्रवेश की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।
आवास एवं अधोसंरचना के क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले के 97 हजार से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने, 1 लाख 12 हजार आवास स्वीकृत होने और पीएम जनमन योजना के तहत 1616 जनजातीय परिवारों को लाभ मिलने की जानकारी दी गई है। भारतमाला परियोजना के तहत 3147 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन फोरलेन सड़क को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है।
खेल एवं परिवहन के क्षेत्र में 3 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से निर्मित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम और मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत जिले में शुरू की गई 16 बसों की सुविधा की जानकारी दी जा रही है।

पर्यटन, रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की उपलब्धियां भी प्रदर्शित

जनजातीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पीएम-जुगा के तहत बगीचा-मयाली-जशपुर क्षेत्र के छह गांवों में स्वीकृत 30 क्लस्टर होमस्टे की जानकारी भी स्टॉल में दी गई है। वहीं सेवा संकल्प अभियान के तहत बैंक सखी संज्योति चौहान की आत्मनिर्भरता की कहानी भी आकर्षण का विषय है। वह प्रतिमाह 8 से 9 लाख रुपये का लेन-देन करती हैं। पंडररीपानी में नई एसबीआई शाखा शुरू होने से ग्रामीणों को मिली बैंकिंग सुविधा को भी प्रदर्शित किया गया है।
इसके अलावा जिले के 2 लाख 69 हजार राशनकार्ड हितग्राहियों को 501 उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से राशन वितरण तथा टसर उत्पादन में जशपुर के प्रदेश में प्रथम स्थान पर होने की उपलब्धि भी बताई जा रही है। टसर उत्पादन से जिले के 1939 किसान जुड़े हुए हैं।
राज्योत्सव प्रदर्शनी में जनसंपर्क विभाग का स्टॉल शासन की योजनाओं, जनहितकारी पहल और जिले के विकास कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बना हुआ है। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की उपलब्धियों की जानकारी मिलने से नागरिकों को जिले में हो रहे विकास कार्यों और संचालित योजनाओं से परिचित होने का अवसर मिल रहा है।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
clear sky
19.6 ° C
19.6 °
19.6 °
72 %
1.1kmh
0 %
Thu
27 °
Fri
27 °
Sat
28 °
Sun
28 °
Mon
28 °

Most Popular