स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :-
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचारी शिक्षण पद्धति और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जशपुर जिले के सात शिक्षकों को रायपुर में आयोजित भव्य समारोह में “स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से जिले के शिक्षा जगत में खुशी और गौरव का माहौल है।
राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में हरिभूमि समूह के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षाविद् एवं एन.आर. स्टील, रायगढ़ के संस्थापक संजय अग्रवाल ने की। वहीं, राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूर्णानंद मिश्रा और राष्ट्रपति राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित प्रज्ञा सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने चयनित शिक्षकों को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र और राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
जशपुर जिले से सम्मानित शिक्षकों में संतोषी डनसेना (प्रधानपाठक, शासकीय प्राथमिक शाला छिंदबहरी, पत्थलगांव), गणेश राम चौहान (प्रधानपाठक, शासकीय प्राथमिक शाला खुंटीटोली, कांसाबेल), नमिता खेस्स (सहायक शिक्षक, प्राथमिक शाला रायकोना), रीना रानी गोस्वामी (सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला नदीडीपा), सुनैना तिर्की (सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला बड़ेगम्हरिया), अनुपमा कुजूर (सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला नदीडीपा) तथा अनिल कुमार कश्यप (सहायक शिक्षक, शासकीय प्राथमिक शाला पैकू) शामिल हैं।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा देने वाला नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण का आधार होता है। सम्मानित शिक्षकों ने गतिविधि आधारित शिक्षण, डिजिटल तकनीक के उपयोग, पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक सहभागिता और बाल-केंद्रित शिक्षा के माध्यम से विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को नई दिशा दी है।
जिले के शिक्षा अधिकारियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए इसे जशपुर के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि इन शिक्षकों के नवाचार और समर्पण से जिले सहित पूरे प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और अधिक मजबूती मिलेगी।






