स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :-
धार्मिक परंपराओं और संस्कारों को सरल एवं सहज रूप में आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से पंडित नरेश कुमार मिश्र (पौराणिक) द्वारा संकलित पुस्तक ‘पूजा संस्कार विधि’ का विमोचन बुधवार को एक गरिमामय समारोह में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जशपुर में हुआ, जहां समाज के प्रबुद्धजन, धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
पुस्तक का विमोचन छत्तीसगढ़ पर्यावरण मंडल के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में नगरपालिका उपाध्यक्ष यस प्रताप सिंह जूदेव, वाचस्पति मिश्रा, सत्यनारायण नन्दे एवं बंशीधर सारंगी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नीलांबर नन्दे ने की।
इस अवसर पर पुस्तक के लेखक पंडित नरेश कुमार मिश्र ने बताया कि ‘पूजा संस्कार विधि’ पुस्तक को घरेलू पूजा-पाठ, धार्मिक अनुष्ठान एवं विभिन्न संस्कारों को ध्यान में रखकर सरल भाषा में तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि पुस्तक का उद्देश्य आम लोगों को ऐसी जानकारी उपलब्ध कराना है, जिससे वे स्वयं अपने घरों में विधि-विधानपूर्वक पूजा एवं संस्कार सम्पन्न कर सकें।
मुख्य अतिथि कृष्ण कुमार राय ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह पुस्तक विशेष रूप से नई पीढ़ी और धार्मिक परंपराओं को सीखने के इच्छुक लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं संग्रहणीय है। इसके माध्यम से लोग सरल तरीके से पूजा-पाठ की विधियों को समझ सकेंगे और अपने घरों में धार्मिक अनुष्ठान कर सकेंगे।
नगरपालिका उपाध्यक्ष यस प्रताप सिंह जूदेव तथा अध्यक्षता कर रहे नीलांबर नन्दे ने भी पुस्तक की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए लोगों से इसे अपने घरों में रखने और नियमित उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बदलते समय में धार्मिक ज्ञान को सरल भाषा में उपलब्ध कराना एक सराहनीय प्रयास है।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं भगवान जगन्नाथ के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। समारोह में नरेश नन्दे, द्वारिका मिश्र, अच्युता मिश्र, जुगल नन्दे, रमेश नन्दे, विनय मिश्र सहित उत्कल ब्राह्मण समाज के बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रमोद मिश्र, अशोक दास, प्रदीप मिश्रा, गिरेन्द्र मिश्रा सहित अन्य समाजजनों का विशेष योगदान रहा। अंत में सत्यनारायण नन्दे ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।






