स्टेट पेज जशपुरनगर सुनील सिन्हा :-
जशपुर जिले तथा समूचे हिंदी रंगमंच जगत के लिए गर्व और सम्मान का विषय है कि प्रख्यात रंगकर्मी डॉ. आनंद कुमार पाण्डेय को वर्ष 2025 का प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी (SNA) उस्ताद बिस्मिल्लाह ख़ाँ युवा पुरस्कार अभिनय (Acting) के क्षेत्र में प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है। यह सम्मान भारतीय रंगमंच एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान और समर्पित कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है।
डॉ. पाण्डेय ने वर्ष 2010 में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के नाट्य विभाग से एम.ए. (नाट्यकला) की उपाधि प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने वरिष्ठ रंगकर्मी एवं शिक्षाविद् डॉ. योगेन्द्र चौबे के निर्देशन में शोध कार्य पूर्ण कर पीएच.डी. की उपाधि अर्जित की।
वर्ष 2007 से वे हिंदी रंगमंच के संवर्धन, विकास एवं प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर सक्रिय हैं। अभिनय, निर्देशन तथा विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से उन्होंने नई पीढ़ी को रंगमंच से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में अनेक नाट्य प्रस्तुतियाँ एवं सांस्कृतिक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुए हैं।
वर्तमान में डॉ. पाण्डेय जशपुर में रंगमंचीय गतिविधियों को नई दिशा देने तथा सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं। उनके प्रयासों से जिले में रंगकर्म को नई पहचान मिली है। विशेष रूप से पिछले दो वर्षों से आयोजित “जशरंग राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव” क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में स्थापित हुआ है।
डॉ. आनंद कुमार पाण्डेय को प्राप्त यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि जशपुर, छत्तीसगढ़ और समूचे हिंदी रंगमंच समुदाय के लिए गौरव का विषय है। यह पुरस्कार उनके समर्पण, सृजनशीलता, कला के प्रति निष्ठा तथा रंगमंच के विकास हेतु किए गए अथक प्रयासों का राष्ट्रीय सम्मान है।
सांस्कृतिक एवं साहित्यिक जगत से जुड़े लोगों ने डॉ. पाण्डेय को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
“रंगमंच केवल कला का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति को जोड़ने वाली सशक्त कड़ी है। डॉ. आनंद कुमार पाण्डेय ने अपने कार्यों से इस माध्यम को नई ऊर्जा और नई पहचान प्रदान की है।”






