स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :-
जिला अधिवक्ता संघ भवन के सभागार के जीर्णोद्धार एवं प्रथम तल पर नवीन भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन समारोह उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्य मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा प्रदत्त मद से कराया जा रहा है। कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक गोमती साय एवं जशपुर विधायक रायमुनी भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
भूमिपूजन कार्यक्रम में सत्येंद्र कुमार साहू, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश साय, सचिव सत्यप्रकाश तिवारी, वरिष्ठ अधिवक्ता कृष्ण कुमार राय, नरेश नन्दे तथा नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता संघ भवन के जीर्णोद्धार और नवीन निर्माण से अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे उनके व्यावसायिक और संगठनात्मक कार्यों के संचालन में सुविधा बढ़ेगी तथा न्यायिक गतिविधियों के लिए भी बेहतर आधारभूत संरचना विकसित होगी।
जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जिले में अधोसंरचना विकास कार्यों को नई गति मिली है। नवीन भवन निर्माण से जिला अधिवक्ता संघ को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित भवन प्राप्त होगा, जो न्यायिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम के दौरान निर्माण कार्य के शीघ्र प्रारंभ होने की उम्मीद जताई गई तथा इसके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।






