स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :-
शादी का झांसा देकर युवती के साथ लगातार दुष्कर्म करने वाले आरोपी को विशेष न्यायालय ने कठोर सजा सुनाई है।
अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण न्यायालय ने आरोपी को 10 वर्ष के सश्रम कारावास तथा 10 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड अदा नहीं करने पर अतिरिक्त छह माह की सजा भुगतनी होगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कुनकुरी क्षेत्र की 28 वर्षीय युवती ने 19 जनवरी 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2018 में उसकी पहचान झारखंड के सिमडेगा निवासी वासिफ अंसारी (29 वर्ष) से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल फोन पर बातचीत शुरू हुई और वर्ष 2019 में आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता के अनुसार आरोपी वर्ष 2019 से लेकर दिसंबर 2023 तक लगातार शादी का भरोसा देकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। जब युवती ने शादी करने का दबाव बनाया तो आरोपी 3 जनवरी 2024 को उसे बिना बताए छोड़कर फरार हो गया।
मामले में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर थाना कुनकुरी में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (एन) तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3 (2) (v) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को वर्ष 2024 में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।
मामले की विवेचना एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी एवं तत्कालीन थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनील सिंह द्वारा की गई। वहीं लोक अभियोजक अजीत रजक की प्रभावी पैरवी और पुलिस द्वारा साक्ष्यों के मजबूत संकलन के चलते न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं से संबंधित अपराधों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।






