स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :-
झारखंड-छत्तीसगढ़ अंतरराज्यीय सीमा से लगे लोदाम थाना क्षेत्र के ग्राम सांईटांगरटोली में गो तस्करों द्वारा पुलिस मुखबिरी के शक में एक ग्रामीण के घर पर आधी रात हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
हमलावरों ने घर के शीशे तोड़ दिए और डंडों से दीवारों पर ताबड़तोड़ वार कर पूरे परिवार में दहशत फैला दी। घटना के बाद आरोपित ग्रामीण को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम सांईटांगरटोली निवासी शाहिद खान के घर पर दो दिन पूर्व रात करीब 12 से 1 बजे के बीच कुछ अज्ञात लोग पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने शाहिद पर पुलिस को सूचना देने का आरोप लगाते हुए उसके घर पर हमला बोल दिया। इस दौरान घर के खिड़की-दरवाजों के शीशे तोड़ दिए गए तथा डंडों से दीवारों पर लगातार वार किए गए।
घटना के समय घर में मौजूद परिवार के सदस्य भयभीत हो गए। पीड़ित शाहिद खान ने बताया कि जाते-जाते आरोपितों ने दोबारा पुलिस की मुखबिरी करने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
घटना की सूचना मिलते ही लोदाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अज्ञात हमलावरों की पहचान में जुटी हुई है।
एएसपी राकेश पाटनवार ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।






