स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :-
भारतीय जैन संघटना बिलासपुर की ओर से बनाहिल अकलतरा में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में जशपुर के होनहार खिलाड़ी सम्यक जैन को टेबल टेनिस खेल में उत्कृष्ट उपलब्धि हेतु सम्मानित किया गया। सम्यक, श्री गुलाबचंद जैन के पौत्र एवं कॉलेज रोड जशपुर निवासी संदीप जैन के सुपुत्र हैं, जिन्होंने केंद्रीय विद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए दो बार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
सम्यक जैन ने अपनी खेल यात्रा की शुरुआत क्षेत्रीय प्रतियोगिता से की, जहाँ वे पहली बार रायपुर में आयोजित रीजनल प्रतियोगिता में शामिल हुए। अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन हासिल किया और हैदराबाद में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया।
उनकी सफलता का सिलसिला यहीं नहीं रुका। दूसरी बार उन्होंने बिलासपुर में आयोजित रीजनल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पुनः राष्ट्रीय स्तर के लिए क्वालीफाई किया और चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
छोटे शहर जशपुर, छत्तीसगढ़ से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना सम्यक जैन की मेहनत, लगन और समर्पण का प्रतीक है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि सच्ची मेहनत और जुनून से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
सम्यक की इस उपलब्धि पर न केवल उनका परिवार और विद्यालय गौरवान्वित है, बल्कि पूरा क्षेत्र खुद को प्रेरित महसूस कर रहा है। उनकी सफलता आने वाले युवा खिलाड़ियों के लिए एक नई दिशा और उत्साह का स्रोत बन रही है।






