स्टेट पेज जशपुरनगर :-
संत शिरोमणि कबीरदास जयंती के अवसर पर जशपुर जिले के सारुडीह गांव में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर सारुडीह, दास डुमरटोली, सुरजूला सहित जिले के अन्य गांवों के अलावा झारखंड के मेराल, सिमडेगा एवं अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए।
आराधना दास ने बताया कि यह आयोजन वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है, जो आज भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है। सुबह से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। महंत सुया दास के नेतृत्व में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई तथा संत कबीरदास के विचारों और मानवता, समानता एवं भाईचारे के संदेशों का स्मरण किया गया।
पूजा के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया और भंडारे में एक साथ भोजन किया। इसके बाद सभी श्रद्धालु अपने-अपने गांवों के लिए रवाना हुए। आयोजन में सैकड़ों की संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सारुडीह के शंकर दास, रामप्रसाद दास एवं लखन दास, शिवम् दास, दासडुमरटोली के लखन दास, जशपुर के संतोष दास तथा सुरजूला के सुदामा दास उपस्थित रहे। वहीं महिलाओं में आराधना दास, पूर्णिमा दास, बैजयंती दास, शिला दास, अनीता दास, सुजीता दास सीमा दास सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।
हर वर्ष आयोजित होने वाला यह धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन संत कबीरदास के समरसता, सद्भाव और मानव सेवा के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।






