स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :-
सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता के क्षेत्र में जशपुर पुलिस ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए एक ही दिन में जिले के सभी 766 गांवों में जन चौपाल आयोजित कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। हेलमेट पहनने के प्रति जनजागरूकता फैलाने के इस अभिनव अभियान को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।
इस उपलब्धि के लिए आयोजित कार्यक्रम में गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की राज्य प्रमुख सोनल राजेश शर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में आयोजित समारोह के दौरान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह को प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस जनहितकारी अभियान की सराहना की।
सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन बनाने की पहल
जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस द्वारा व्यापक यातायात जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी एवं जागरूकता विकसित करना है।
अभियान की शुरुआत 18 अप्रैल 2026 को रक्षित केंद्र जशपुर से हेलमेट जागरूकता रैली के साथ हुई थी। इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास, डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। इसके बाद जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में भी जागरूकता रैलियां आयोजित की गईं, जिनमें 10 हजार से अधिक नागरिकों ने सहभागिता निभाई।
766 गांवों में एक साथ जन चौपाल
जशपुर पुलिस ने 24 जून 2026 को जिले के सभी 766 गांवों में एक साथ जन चौपाल आयोजित कर हेलमेट जागरूकता का संदेश अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य पूरा किया। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस विशेष अभियान में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
जन चौपालों में दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता, चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट के उपयोग, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों के पालन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। कई ग्राम सभाओं में हेलमेट अनिवार्यता को प्रस्ताव के रूप में भी शामिल किया गया।
60 हजार लोगों ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ
अभियान के दौरान जशपुर पुलिस ने 60 हजार से अधिक नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। वहीं हेलमेट जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री, जिले के प्रभारी मंत्री, वरिष्ठ अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के 3000 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों ने वीडियो संदेश जारी कर हेलमेट पहनने की अपील की।
5000 पुलिस मितानों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए गठित लगभग 5000 ‘पुलिस मितानों’ ने इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस मितानों ने गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया और जन चौपालों को सफल बनाने में सहयोग दिया।
पूरी टीम को समर्पित की उपलब्धि
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय जशपुर पुलिस के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों, जिला प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों तथा पुलिस मितानों को दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि ग्राम स्तर पर चलाए गए इस व्यापक जागरूकता अभियान का सकारात्मक प्रभाव भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और हेलमेट के उपयोग को बढ़ाने में अवश्य दिखाई देगा।






