जशपुरनगर :- पत्थलगांव थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितेश यादव (19) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर को 19 वर्षीय पीड़िता ने थाना पत्थलगांव में लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि 3 अक्टूबर को आरोपी रितेश यादव उसे कार में बैठाकर शाम करीब 7 बजे लुड़ेग झंडा घाट जंगल की ओर ले गया। आरोप है कि जंगल में आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद घटना के संबंध में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी तथा गाली-गलौज करते हुए शादी करने से इंकार कर दिया।
पीड़िता की रिपोर्ट पर पत्थलगांव थाने में अपराध क्रमांक 224/2026 के तहत धारा 69, 296 एवं 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता का कथन दर्ज कराया गया। प्रार्थिया एवं साक्षियों के बयान दर्ज करने के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। परिजनों की सहमति से पीड़िता का महिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।
पुलिस टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए 7 अक्टूबर को आरोपी रितेश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। विवेचना में आरोपी के विरुद्ध अपराध घटित करना पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर 7 अक्टूबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया है।
मामले की कार्रवाई एवं आरोपी की गिरफ्तारी में उप निरीक्षक विद्या राम यादव, प्रधान आरक्षक सुभाष नायक, चंद्र विजय साय तथा आरक्षक वीरेंद्र यादव, देव सिंह एवं राजेंद्र रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






