spot_img
spot_img
Homeराजनीतिजशपुर नगर पालिका को मिले सात नए पार्षद, पद एवं गोपनीयता की...

जशपुर नगर पालिका को मिले सात नए पार्षद, पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर संभाली जिम्मेदारी                 उपचुनाव में निर्वाचित दो और शासन द्वारा मनोनीत पांच पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, जनसेवा व नगर विकास का लिया संकल्प

स्टेट पेज जशपुर – सुनील सिन्हा :-

नगर पालिका परिषद जशपुर के वार्ड क्रमांक 8 एवं 14 में हुए उपचुनाव के नवनिर्वाचित दो पार्षदों तथा शासन द्वारा मनोनीत पांच पार्षदों ने बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने दायित्वों का विधिवत निर्वहन शुरू कर दिया। नगर पालिका परिषद के सभाकक्ष में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी समीर बड़ा ने सभी पार्षदों को शपथ दिलाई।

समारोह में विधायक रायमुनी भगत, पूर्व सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार राय, ओमप्रकाश सिन्हा, नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) योगेश्वर उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विधायक रायमुनी भगत ने सभी नवनिर्वाचित एवं मनोनीत पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी नगर के समग्र विकास के साथ नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पार्षद जनसेवा की भावना और समर्पण के साथ नगर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
पूर्व सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव ने कहा कि शहर के सर्वांगीण विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय और सकारात्मक सोच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता से समाधान करना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
शपथ ग्रहण समारोह में वार्ड क्रमांक 8 से भारतीय जनता पार्टी की प्रेमलता साहू तथा वार्ड क्रमांक 14 से भारतीय जनता पार्टी की प्रिया सिंग ने नवनिर्वाचित पार्षद के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। वहीं शासन द्वारा मनोनीत पार्षदों के रूप में संतोष सिंह, राधेश्याम राम, रूपेश सोनी, ओमप्रकाश नायक और नीतू गुप्ता ने भी शपथ लेकर जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
समारोह के अंत में नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए नवपार्षदों को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
clear sky
21.2 ° C
21.2 °
21.2 °
61 %
1.5kmh
0 %
Fri
27 °
Sat
28 °
Sun
28 °
Mon
29 °
Tue
28 °

Most Popular