स्टेट पेज — जशपुर — सुनील सिन्हा :-
पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जिले के अलग-अलग विकासखंडों में हड़ताल पर गए पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। 11 नवंबर को जारी आदेशों के अनुसार जशपुर, मनोरा, दुलदुला और पत्थलगांव विकासखंड के कुल 50 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस मानते हुए कार्रवाई की गई है। वहीं बागबहार के 13 और बगीचा के चार पटवारियों के संबंध में भी जानकारी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जशपुर विकासखंड के 15 और मनोरा के 14 पटवारियों की 13 अक्टूबर 2026 से हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस माना गया है। इसी तरह दुलदुला विकासखंड के सात पटवारियों के विरुद्ध भी 13 अक्टूबर से 11 नवंबर तक की अवधि को कार्य नहीं तो वेतन नहीं के आधार पर ब्रेक इन सर्विस करने का आदेश जारी किया गया है।
पत्थलगांव विकासखंड के 14 पटवारियों पर भी इसी तरह की कार्रवाई की गई है। प्रशासन के अनुसार पटवारियों की लगातार अनुपस्थिति से धान फसल की डिजिटल गिरदावरी, धान खरीदी संबंधी कार्य, प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के नुकसान का आकलन, कृषि भूमि से संबंधित अभिलेखों का अद्यतन और लोक सेवा गारंटी सहित कई महत्वपूर्ण शासकीय कार्य प्रभावित हुए हैं।
प्रशासन ने संबंधित पटवारियों को पूर्व में कारण बताओ नोटिस जारी कर काम पर लौटने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद निर्धारित अवधि में कार्य पर उपस्थित नहीं होने और नोटिस का जवाब नहीं देने के आधार पर कार्रवाई की गई है।
आदेश में छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के प्रासंगिक निर्देशों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया गया है कि हड़ताल और अनधिकृत अनुपस्थिति की अवधि का वेतन देय नहीं होगा तथा इस अवधि को ब्रेक इन सर्विस माना जाएगा।
वहीं बागबहार के 13 पटवारियों और बगीचा के चार पटवारियों के संबंध में भी कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। इस तरह जिले में पटवारियों की हड़ताल को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ता नजर आ रहा है।






