स्टेट पेज पत्थलगांव :-
जुआ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पत्थलगांव पुलिस ने जशपुर रोड स्थित विश्वकर्मा बॉडी गैरेज के पास सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के फड़ और कब्जे से 8,190 रुपये नगद, ताश की 52 पत्ती और एक पीले रंग का प्लास्टिक तिरपाल जब्त किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 नवंबर की रात पत्थलगांव पुलिस की टीम नगर गश्त और रात्रि पेट्रोलिंग पर निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पत्थलगांव-जशपुर रोड किनारे विश्वकर्मा बॉडी गैरेज के पास कुछ लोग ताश की 52 पत्ती से रुपये-पैसों का दांव लगाकर काट पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमारी की। इस दौरान जुआ खेलते हुए सात लोगों को पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान गुरुदेव विश्वकर्मा (26), वशिष्ठ कुमार विश्वकर्मा (36) और सुनेश कुमार भुइंया (19), तीनों निवासी जिला पलामू झारखंड तथा वर्तमान में पत्थलगांव में रहने वाले, सीताराम विश्वकर्मा (42), राहुल कुमार (25), राजू शर्मा (45) और वीर कौशिक (34) के रूप में हुई। इनमें चार आरोपी पत्थलगांव एवं आसपास के क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस ने मौके से जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही ताश की 52 पत्ती, 8,190 रुपये नगद और एक पीले रंग का प्लास्टिक तिरपाल जब्त किया। सभी सात आरोपियों को हिरासत में लेकर जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार, सहायक उप निरीक्षक लखेश कुमार साहू एवं आरक्षक राजेंद्र रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






