स्टेट पेज – जशपुर – सुनील सिन्हा :-
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र में पांच साल के मासूम बच्चे की नृशंस हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, अधिक पैसा कमाने की चाह में आरोपी ने सोशल मीडिया पर बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार बनाया और इसी खौफनाक मंशा के तहत वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने पहले मासूम को बहलाकर अपने साथ ले गया, फिर उसे शराब पिलाई। बच्चे के नशे में सो जाने पर चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसके सीने और पेट को काटकर अंग निकालने की बात भी आरोपी ने अपने बयान में बताई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लोढ़ेनापाठ महुआ निवासी रामजीत राम ने 7 नवंबर को थाना सन्ना में अपने 4-5 वर्षीय बेटे जितेन्द्र राम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रामजीत करीब एक वर्ष पहले परिवार के साथ मजदूरी करने सन्ना आया था और आमटचुआ नदी डेम के पास बनी झोपड़ी में रहता था। ग्राम गोर्रापाठ निवासी बासुदेव उर्फ टंगनू का उसके घर आना-जाना था। दोनों के बीच रिश्तेदारी भी थी।
परिजनों के मुताबिक, 5 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे बासुदेव रामजीत और एक अन्य परिचित को शराब पीने के लिए अपने साथ ले गया था। शराब पीने के बाद रामजीत और दूसरा व्यक्ति बस स्टैंड की ओर चले गए, जबकि आरोपी अपनी झोपड़ी की तरफ लौट गया। कुछ देर बाद जब रामजीत घर पहुंचा तो उसका बेटा जितेन्द्र वहां नहीं मिला। तलाश के दौरान एक व्यक्ति ने बताया कि उसने बच्चे को बासुदेव के साथ खेत की झोपड़ी की ओर जाते देखा था। इसके बाद परिजनों ने आसपास के गांवों और खेतों में तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला।
खेत के गड्ढे में बोरी के अंदर मिला मासूम का शव
7 नवंबर की सुबह परिजन फिर बच्चे की तलाश में निकले। इसी दौरान सन्ना गांव में एक खेत की मक्का बाड़ी की मेड़ के पास पानी से भरे गड्ढे में बोरी दिखाई दी। बोरी खोलने पर उसके अंदर कंबल और गोधड़ी में लिपटा मासूम का शव मिला। शव को मिट्टी से हल्का दबाया गया था। इस हृदयविदारक घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(1)(बी), 103(1) और 238(ए) में मामला दर्ज किया।
सोशल मीडिया पर देखता था जल्दी पैसा कमाने के तरीके
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदेही बासुदेव उर्फ टंगनू (27 वर्ष), निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी करता था, लेकिन इससे मिलने वाली कमाई से संतुष्ट नहीं था। वह अधिक पैसा कमाना चाहता था और इसके लिए सोशल मीडिया पर कमाई के अलग-अलग तरीके तलाशता रहता था। इसी दौरान उसके मन में छोटे बच्चों के शरीर के अंग निकालकर बेचने का विचार आया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि 5 नवंबर को रामजीत के साथ शराब पीने के बाद लौटते समय उसे उसका बेटा जितेन्द्र मिला। वह बच्चे को बहलाकर गुलाम अंसारी के खेत में बनी झोपड़ी में ले गया। इसके बाद उसे महानदी डेम के पास ले जाकर कुछ देर घुमाया और फिर सन्ना खुटाटांगर से शराब तथा मुर्गा खरीदा। झोपड़ी में लौटकर उसने मुर्गा बनाया और बच्चे को भी शराब पिलाई। बच्चा नशे में सो गया तो आरोपी ने पहले से रखे चाकू से उसका गला रेतकर हत्या कर दी।
शव को कंबल में लपेटकर बोरी में भरा, अंग बाल्टी में रखे
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने बयान में हत्या के बाद मृतक के सीने और पेट को चाकू से काटकर किडनी, फेफड़े और आंख निकालने की बात बताई। निकाले गए अंगों को प्लास्टिक की बाल्टी में रखा गया। इसके बाद शव को कंबल और गोधड़ी में लपेटकर बोरी में भरा तथा बहादुर के खेत में पानी से भरे गड्ढे में डालकर मिट्टी से दबा दिया। घटना में इस्तेमाल चाकू, फावड़ा और प्लास्टिक की बाल्टी को भी उसने बांस की झाड़ियों के पास गड्ढा खोदकर छिपा दिया था।
आरोपी की निशानदेही पर साक्ष्य बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, फावड़ा, प्लास्टिक की बाल्टी में रखे गए अंगों और अन्य संबंधित सामग्री को बरामद कर जब्त किया है। मृतक के शव का पंचनामा तैयार कर चिकित्सक से पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने आरोपी बासुदेव उर्फ टंगनू पिता अमृत, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम चलनी गोर्रापाठ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, इस जघन्य वारदात के पीछे जल्दी और अधिक पैसा कमाने की लालसा तथा इंटरनेट के गलत इस्तेमाल से उपजी विकृत मानसिकता सामने आई है। मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी सन्ना निरीक्षक राकेश यादव, उप निरीक्षक आभास मिंज, प्रधान आरक्षक सुमन टोप्पो, रविन्द्र एक्का, विजय खूंटे तथा आरक्षक महेश्वर यादव, प्रवीण खलखो और बलबीर भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






