जशपुर /रायपुर :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दीपावली के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के बस्तर पहुंचेंगे। यहां वे केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली का त्योहार मनाएंगे। प्रधानमंत्री ने स्वयं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपने बस्तर दौरे की जानकारी साझा की है। यह पहला अवसर होगा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बस्तर की धरती पर जवानों के साथ दीपावली मनाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी की यह पहल देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति उनके सम्मान, स्नेह और आत्मीयता को दर्शाती है। वे हर साल दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में तैनात सैनिकों के बीच पहुंचकर मनाते रहे हैं। इस बार उन्होंने बस्तर को चुना है, जो कभी नक्सलवाद की गंभीर चुनौती से जूझता रहा है।
एक्स पर पोस्ट कर साझा की भावना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि दीपावली के पावन अवसर पर वे बस्तर जा रहे हैं। उन्होंने बस्तर में आए बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां कभी नक्सलियों का कहर था, वहां आज विकास की बहार है। उन्होंने वीर जवानों के बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने की बात भी कही।
प्रधानमंत्री का यह दौरा बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास की दिशा में हुए बदलाव को राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित करने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने किया स्वागत
प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने लिखा कि बस्तर की पावन धरा पर प्रधानमंत्री का हार्दिक स्वागत है। बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की जनता के प्रति प्रधानमंत्री का विशेष स्नेह और आत्मीय लगाव सभी के लिए सदैव प्रेरणादायी रहा है।






