स्टेट पेज,- जशपुर – सुनील सिन्हा :–
जिले में बच्चों को उनकी मातृभाषा के माध्यम से बेहतर शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित नींव बहुभाषी शिक्षा कार्यक्रम के तहत सादरी भाषा में द्वितीय चरण की शिक्षण-सामग्री तैयार की जा रही है। इसके लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) जशपुर में 2 से 5 नवंबर तक चार दिवसीय सामग्री निर्माण कार्यशाला आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला में जिला स्रोत समूह (डीआरजी) के सदस्य बच्चों के स्थानीय परिवेश, संस्कृति और दैनिक जीवन से जुड़े संदर्भों को ध्यान में रखते हुए कक्षा पहली और दूसरी के लिए 12 बिग बुक, अभ्यास पुस्तिकाएं और शिक्षक संदर्शिका तैयार कर रहे हैं। सामग्री को इस तरह विकसित किया जा रहा है, जिससे बच्चे अपनी मातृभाषा सादरी के माध्यम से आसानी से सीख सकें और धीरे-धीरे हिंदी भाषा में दक्षता हासिल कर सकें।
कार्यशाला में डाइट जशपुर की उप प्राचार्य संगीता भोई तथा श्री पैंकरा और श्री राठौर के मार्गदर्शन में सामग्री निर्माण का कार्य किया जा रहा है। वहीं लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन (एलएलएफ) की राज्य, जिला एवं विकासखंड स्तरीय टीम द्वारा अकादमिक और तकनीकी सहयोग दिया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि नींव बहुभाषी शिक्षा कार्यक्रम जिले के बगीचा और कुनकुरी विकासखंड के 202 प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा पहली और दूसरी के बच्चों के लिए संचालित है। इन दोनों विकासखंडों में बच्चों की मातृभाषा सादरी है। कार्यक्रम के तहत मातृभाषा को हिंदी सीखने के लिए एक मजबूत आधार बनाया जा रहा है, ताकि बच्चे अपनी परिचित भाषा के सहारे विद्यालयी शिक्षा को सहजता से समझ सकें।
वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में यह कार्यक्रम राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी), छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन तथा एलएलएफ के तकनीकी एवं अकादमिक सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
द्वितीय चरण की सामग्री निर्माण से पहले कार्यक्रम के प्रथम चरण में बगीचा और कुनकुरी विकासखंड के शिक्षकों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण तथा संकुल अकादमिक समन्वयकों का तीन दिवसीय सहयोगात्मक पर्यवेक्षण प्रशिक्षण पूरा किया जा चुका है। प्रथम चरण में जिला स्रोत समूह द्वारा अभ्यास पुस्तिकाएं, शिक्षक संदर्शिका, बिग बुक, कविता चार्ट, कहानी की पुस्तकें, चित्र चार्ट और ग्रिड कार्ड सहित विभिन्न शिक्षण सामग्रियां तैयार की गई थीं।
अब द्वितीय चरण की सामग्री तैयार होने के बाद जिला शिक्षा विभाग और एलएलएफ की टीम के सहयोग से संकुल एवं विकासखंड अकादमिक समन्वयकों द्वारा विद्यालयों का अवलोकन किया जाएगा। इस दौरान कक्षाओं में तैयार सामग्री के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे बच्चों की सीखने की प्रक्रिया और अधिक सरल एवं रुचिकर बन सके।






