जशपुरनगर :- जिला प्रशासन की ओर से जारी राज्योत्सव के निमंत्रण पत्र को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। निमंत्रण पत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष तथा जनपद पंचायत जशपुर के अध्यक्ष का नाम शामिल किया गया है, लेकिन जनपद पंचायत जशपुर की उपाध्यक्ष श्रीमती रचना कुशवाहा का नाम गायब है। इसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है।
इस मामले में जशपुर शहर के पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सहस्त्रांशु पाठक ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए इसे जनप्रतिनिधि की अनदेखी बताया है। उन्होंने कहा कि श्रीमती रचना कुशवाहा जनपद पंचायत जशपुर की निर्वाचित उपाध्यक्ष हैं। उनके पति अमित महतो पूर्व में जनपद सदस्य रह चुके हैं और वर्तमान में ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जशपुर के अध्यक्ष हैं। ऐसे में निमंत्रण पत्र में रचना कुशवाहा का नाम शामिल नहीं होना कई सवाल खड़े करता है।
सहस्त्रांशु पाठक ने सवाल उठाया कि क्या जनपद पंचायत उपाध्यक्ष के कांग्रेस से जुड़े पारिवारिक राजनीतिक संबंधों के कारण उनका नाम निमंत्रण पत्र से बाहर रखा गया है? आखिर ऐसी कौन सी वजह रही कि जनपद पंचायत अध्यक्ष का नाम तो शामिल किया गया, लेकिन उपाध्यक्ष को नजरअंदाज कर दिया गया?
उन्होंने कहा कि राज्योत्सव किसी राजनीतिक दल का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का गौरव है। ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन में सभी जनप्रतिनिधियों को समान सम्मान मिलना चाहिए। जिला प्रशासन जैसे जिम्मेदार संस्थान से निष्पक्षता और समान व्यवहार की अपेक्षा की जाती है।
पाठक ने जिला प्रशासन से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने की मांग करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का सम्मान उनके पद और जनसेवा के आधार पर होना चाहिए, न कि उनकी राजनीतिक विचारधारा या दल से जुड़े होने के आधार पर। प्रशासन को बताना चाहिए कि जनपद पंचायत जशपुर की उपाध्यक्ष श्रीमती रचना कुशवाहा का नाम निमंत्रण पत्र में क्यों शामिल नहीं किया गया।






