जशपुर नगर :- पत्थलगांव थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका को प्रेम शादी का झांसा देकर अपने साथ मुंबई ले जाने तथा उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुंबई के नाला सोपारा से बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को पत्थलगांव थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी 17 वर्षीय बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के मुताबिक, 17 सितंबर की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। उनकी बेटी अपने कमरे में पढ़ाई कर रही थी। अगले दिन सुबह जब परिजनों ने देखा तो वह कमरे में नहीं थी। आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। परिजनों ने अजय पुरी पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह जताया था। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
नाबालिग की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। मुखबिर की सूचना, तकनीकी टीम की मदद और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी बालिका को लेकर मुंबई के नाला सोपारा में रह रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पत्थलगांव थाना से विशेष पुलिस टीम मुंबई रवाना की गई। टीम ने लगातार पतासाजी करते हुए 27 अक्टूबर को आरोपी अजय पुरी के कब्जे से नाबालिग बालिका को बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर जशपुर लाया गया।
पुलिस के अनुसार, महिला पुलिस अधिकारी द्वारा पीड़िता का बयान दर्ज किए जाने पर उसने बताया कि आरोपी से उसका परिचय वर्ष 2024 में हुआ था। आरोपी शादी का आश्वासन देकर उससे संपर्क बनाए हुए था और अलग-अलग अवसरों पर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने बताया कि 18 सितंबर को आरोपी उसे काम दिलाने के बहाने मुंबई ले गया था, जहां दोनों रह रहे थे। पीड़िता के बयान और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम), 87 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 भी जोड़ी हैं।
पुलिस ने पीड़िता और आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। आवश्यक कार्रवाई के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं आरोपी अजय पुरी (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में पत्थलगांव थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार, एएसआई लखेश कुमार साहू, आरक्षक आकाश और महिला आरक्षक शारदा नाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुंबई से नाबालिग को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।






