स्टेट पेज – जशपुर – सुनील सिन्हा :-
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस का 50 सदस्यीय दल गुजरात के एकता नगर के लिए रवाना हुआ। दल सरदार पटेल की विश्वप्रसिद्ध प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के दर्शन करने के साथ राष्ट्रीय एकता दिवस के भव्य आयोजन में शामिल होगा।
बुधवार सुबह जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में जिले के एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बसों को हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। इस दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा का उद्देश्य सरदार पटेल के योगदान और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है।
गुजरात के एकता नगर में स्थित ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ सरदार वल्लभभाई पटेल को समर्पित विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा है। यहां पहुंचकर दल के सदस्य सरदार पटेल के जीवन, उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान और देश को एक सूत्र में पिरोने के उनके प्रयासों से परिचित होंगे। राष्ट्रीय एकता दिवस के आयोजन में सहभागिता के माध्यम से उन्हें राष्ट्रीय एकता और अखंडता के महत्व को समझने का अवसर भी मिलेगा।
जशपुर पुलिस की यह पहल राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।






