स्टेट पेज – जशपुर – सुनील सिन्हा :–
जशपुरनगर :- नवरात्रि के पावन अवसर पर श्रीहरि कीर्तन भवन में आयोजित अक्स गरबा महोत्सव में इस वर्ष भक्ति, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। अक्स गरबा समिति की ओर से आयोजित इस भव्य महोत्सव में करीब 1500 बच्चों और युवाओं ने पारंपरिक परिधानों में गरबा और डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, समिति की पहल पर जशपुर पुलिस के सहयोग से चलाए गए हेलमेट जागरूकता अभियान ने आयोजन को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए खास बना दिया।
अक्स गरबा के मंच से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
अक्स गरबा समिति ने सांस्कृतिक आयोजन को जनजागरूकता का माध्यम बनाते हुए सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। महोत्सव के दौरान मंच पर कलाकारों ने हेलमेट पहनकर गरबा प्रस्तुत किया। इस अनूठी पहल ने उपस्थित दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की जरूरत को प्रभावी ढंग से सामने रखा। गायिका तत्सा गुप्ता ने हेलमेट और यातायात सुरक्षा पर आधारित विशेष जागरूकता गीत प्रस्तुत कर लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया।
40 हेलमेट का वितरण, उत्कृष्ट प्रदर्शन पर स्कूटी
अक्स गरबा समिति के आयोजन में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत कुल 40 हेलमेट वितरित किए गए। इनमें संस्कृति सिल्क के अंशुल साय की ओर से 30 और जशपुर पुलिस की ओर से 10 हेलमेट प्रदान किए गए। वहीं, महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रमिला यादव को उपहार स्वरूप स्कूटी प्रदान की गई। सांस्कृतिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने वाली इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
डीआईजी ने की अक्स गरबा समिति की सराहना
कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने अक्स गरबा समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों का आनंद तभी सार्थक है, जब हम स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश देना सराहनीय प्रयास है। यहां मौजूद बच्चे जब यह संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाएंगे, तो निश्चित रूप से सकारात्मक बदलाव आएगा।
सांस्कृतिक आयोजन के साथ सामाजिक जिम्मेदारी
अक्स गरबा समिति ने गरबा महोत्सव के माध्यम से यह संदेश दिया कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन मनोरंजन के साथ समाज को जागरूक करने का भी सशक्त माध्यम बन सकते हैं। भक्ति संगीत, पारंपरिक नृत्य और सड़क सुरक्षा के संदेश से सजा यह आयोजन जशपुर में उत्साह और जनजागरूकता का केंद्र बना रहा।
कार्यक्रम में प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, कृष्ण कुमार राय, सत्येंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, यातायात डीएसपी के.आर. चौहान, सिटी कोतवाली प्रभारी मोरध्वज देशमुख, यातायात प्रभारी खेमराज ठाकुर, चिंटू गुप्ता, सुनील सोनी, संजय सोनी, संजय सिंह, सातो सोनी सहित अक्स गरबा समिति के सदस्य, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।






