स्टेट पेज – जशपुर – सुनील सिन्हा :-
जशपुर जिले में गौवंश वध के मामले में कांसाबेल पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 50 किलोग्राम गौमांस, लोहे का गड़ासा, प्लास्टिक का थैला, गौवंश का सिर, चार पैर, चमड़ी, पूंछ सहित अन्य अवशेष और मांस काटने में इस्तेमाल लकड़ी का गुटका जब्त किया है। मामला थाना कांसाबेल क्षेत्र के ग्राम सागीभावना के गिरजाटोली क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सागीभावना निवासी जकरियस तिग्गा अपने साथियों के साथ फिलिममुड़ा पहाड़ के नीचे एनोस के खेत के पास गौवंश का वध कर मांस काट रहा है। सूचना मिलते ही कांसाबेल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की। घटनास्थल की जांच में गौवंश के वध और मांस काटने के साक्ष्य मिले। पुलिस ने मौके से गौमांस, गड़ासा और अन्य अवशेष जब्त किए।
मौके पर मिले जकरियस तिग्गा से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अन्य आरोपियों की पतासाजी की। इसके बाद 18 अक्टूबर को मसीह दास उर्फ ईशु दास, धीरज तिग्गा, पीटर उर्फ शांति पीटर मिंज और उदय कुमार मिंज को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार मामले में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपी ग्राम सागीभावना के निवासी हैं।
पुलिस ने पशु चिकित्सक से गौमांस और गौवंश के अवशेषों का परीक्षण कराया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अवशेषों को दफन किया गया। मामले में थाना कांसाबेल में अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5 और 10 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, सहायक उप निरीक्षक राजेश यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौवंश से संबंधित अवैध गतिविधियों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की विवेचना की जा रही है और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों की जांच की जा रही है।






