स्टेट पेज – जशपुर – सुनील सिन्हा :–
जशपुरनगर :- लोदाम पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पहले मामले में शासकीय डायल-112 वाहन में तोड़फोड़ कर आरक्षक को घायल करने के आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरे मामले में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और गर्भवती होने के बाद शादी से इनकार करने के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
डायल-112 वाहन पर दाउली से किया हमला
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर की रात करीब 1:45 बजे लोदाम मंडी बैरियर के पास सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराने की सूचना डायल-112 टीम को मिली थी। सूचना पर वाहन चालक रोशन टोप्पो और आरक्षक जीतेश कुमार ध्रुव मौके पर पहुंचे। वहां लोदाम निवासी योगेश कुमार भगत धारदार दाउली लहराता मिला। पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की तो वह विवाद करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा।
आरोप है कि आरोपी ने डायल-112 वाहन का दरवाजा खोलने का प्रयास किया और दरवाजा नहीं खुलने पर लोहे की दाउली से वाहन पर हमला कर दिया। इससे वाहन के बाईं ओर के दोनों दरवाजों के शीशे टूट गए और कांच के टुकड़े लगने से आरक्षक जीतेश कुमार ध्रुव के चेहरे पर चोट आई। मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी योगेश कुमार भगत (30 वर्ष), निवासी लोदाम को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की दाउली भी जब्त की गई।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप
दूसरे मामले में 26 वर्षीय युवती ने 17 अक्टूबर को लोदाम थाने में शिकायत दर्ज कराई। युवती के अनुसार, अप्रैल 2023 में एक पारिवारिक विवाह समारोह के दौरान उसकी पहचान दुलदुला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी जगदेव सिंह (24 वर्ष) से हुई थी। आरोप है कि इसके बाद युवक ने शादी का आश्वासन देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने शिकायत में बताया कि 10 जुलाई 2026 को आरोपी ने जशपुर के रानीदाह क्षेत्र में भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
युवती के गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर आरोपी उसे 23 सितंबर को जांच के लिए जशपुर के एक क्लिनिक में भी ले गया था। बाद में आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद युवती ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कराया, चिकित्सकीय परीक्षण कराया और मामले से संबंधित मोबाइल फोन व सोनोग्राफी रिपोर्ट जब्त की। विवेचना के बाद आरोपी जगदेव सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। दोनों मामलों की कार्रवाई में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू सहित थाने के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






