स्टेट पेज – जशपुर / बगीचा – सुनील सिन्हा :-
ग्राम चुंदापाठ स्थित देव संस्कृति विद्या मंदिर में युवा जनजागृति संगठन के तत्वावधान में सियान (बुजुर्ग) सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। संत श्री कृष्ण रेणु जी महाराज के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से पहुंचे समाज के वरिष्ठजनों को शॉल, श्रीफल और पुष्पमाला भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह के माध्यम से समाज में एकजुटता, सांस्कृतिक मूल्यों और बुजुर्गों के प्रति आदर-सम्मान का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में संत श्री कृष्ण रेणु जी महाराज ने मानव जीवन के महत्व, शास्त्र ज्ञान और सनातन संस्कृति की रक्षा पर प्रकाश डाला। उन्होंने ‘निर्मल मन जन सो मोहि पावा’ के भाव को समझाते हुए कहा कि जीवन में पवित्र विचारों और श्रेष्ठ संस्कारों का विशेष महत्व है। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने यादव समाज के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला तथा घर-घर रामायण पाठ और धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से बुजुर्गों का सम्मान करने और समाज में अच्छे संस्कारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस दौरान महाराज जी ने स्वयं बुजुर्गों के माथे पर चंदन लगाकर उनका अभिनंदन किया।
समारोह में समाज के वरिष्ठजनों ने भी अपने अनुभव साझा किए। वरिष्ठजन नंदगोपाल यादव ने सरल शब्दों में समाज को एकजुट होकर कार्य करने और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया। वहीं सुग्गा यादव ने संत गहविरा गुरु जी के साथ बिताए दिनों और उनके सामाजिक योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि गुरु जी के मार्गदर्शन और संस्कारों से समाज में खानपान और जीवनशैली को लेकर सकारात्मक बदलाव आया। उन्होंने जशपुर की प्रसिद्ध कैलाश गुफा के निर्माण में संत गहविरा गुरु जी के ऐतिहासिक योगदान का भी उल्लेख किया।
समारोह में चुंदापाठ से जानकी यादव, मदन मोहन यादव, मंगन यादव, धाजा यादव, नंदगोपाल यादव, जीतनाथ यादव, रामहरख यादव और मेघु यादव सहित अनेक वरिष्ठजनों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा सुलेसा से भिखारी यादव, महनई से बालमकुंद यादव, घोरडेगा से सुग्गा यादव, रामगहन यादव और मुढ़ी से शत्रुधन यादव को सम्मान मिला। पकरीपाठ से सियाराम यादव, भगडू यादव, जगदीश यादव और बबन यादव, छिछली से भागवत यादव, सरधापाठ से गोपाल यादव, गायबुड़ा से शंकर यादव, बेलवार से सोखा यादव, भड़िया से बालमिकी राम, तेंद्पाठ से कृष्णा यादव, पटकोना से कुलदीप यादव और नवापारा से राधेश्याम यादव सहित अन्य वरिष्ठजनों का भी आत्मीय अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का सफल आयोजन युवा जनजागृति के अध्यक्ष अशोक यादव और संगठन के सक्रिय सदस्यों के प्रयासों से संपन्न हुआ। अंत में संत महाराज और संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि सियान सम्मान समारोह की यह शुरुआत है। आने वाले समय में इसे और व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जिसमें पूरे पाठ क्षेत्र के बुजुर्गों को सम्मानित करने के साथ युवाओं की भी बड़ी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।






