spot_img
spot_img
Homeप्रदेशनारायणपुर में मां भगवती की भव्य डोला यात्रा, घर-घर उतारी गई आरती, ...

नारायणपुर में मां भगवती की भव्य डोला यात्रा, घर-घर उतारी गई आरती,                      जनसेवा अभेद आश्रम चिटकवाइन में उमड़े श्रद्धालु, जयकारों और भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल

स्टेट पेज – जशपुर /नारायणपुर – सुनील सिन्हा :-

शारदीय नवरात्र की सप्तमी पर शनिवार को जनसेवा अभेद आश्रम चिटकवाइन में मां भगवती की भव्य डोला यात्रा निकाली गई। सर्वेश्वरी समूह के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। डोला यात्रा के दौरान जगह-जगह मां की आरती उतारी गई और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया। मां के जयकारों से पूरा नारायणपुर भक्तिमय हो उठा।
आश्रम में सुबह से ही पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का सिलसिला चलता रहा। संध्या करीब 6:30 बजे विधि-विधान से पूजन के बाद बाबा उत्साही राम जी ने मां भगवती की आराधना की। इसके बाद मां को सुसज्जित डोले में विराजमान कर यात्रा प्रारंभ की गई। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन के बीच श्रद्धालु जय मां सर्वेश्वरी के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।

घर-घर हुई मां की आरती

डोला यात्रा का सबसे आकर्षक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब मां भगवती का डोला ग्राम के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए श्रद्धालुओं के घरों के सामने पहुंचा। मां के स्वागत के लिए कई परिवार अपने द्वार पर आरती की थाली लेकर खड़े थे। डोला पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से आरती उतारी और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर मां का अभिनंदन किया गया।
यात्रा जयस्तंभ चौक, मुख्य बाजार मार्ग और अटल चौक से होकर गुजरी। मार्ग में मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा में शामिल होकर अपनी आस्था प्रकट की। साधकों और श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से अपने कंधों पर मां भगवती का डोला उठाया और इसे अपनी सेवा का सौभाग्य माना।

महाआरती के साथ संपन्न हुआ आयोजन

डोला यात्रा का समापन आश्रम स्थित काली मंदिर में हुआ। यहां हवन, पूजन और महाआरती के साथ सप्तमी की पूजा संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने मां भगवती के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। दूर-दराज के गांवों के साथ झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। देर रात तक आश्रम में भक्तों के आने का सिलसिला जारी रहा।
डोला यात्रा के दौरान नारायणपुर थाना प्रभारी भी आगे रहकर यातायात व्यवस्था संभालते नजर आए। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मार्ग पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सक्रिय रही।
मां भगवती की इस भव्य डोला यात्रा ने नारायणपुर में शारदीय नवरात्र की सप्तमी को विशेष बना दिया। भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के बीच पूरा क्षेत्र देर शाम तक मां के जयकारों से गूंजता रहा।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
light rain
22.5 ° C
22.5 °
22.5 °
80 %
0.5kmh
97 %
Tue
22 °
Wed
22 °
Thu
22 °
Fri
21 °
Sat
27 °

Most Popular