स्टेट पेज – जशपुर – सुनील सिन्हा :-
यशस्वी जशपुर कार्यक्रम के तहत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अभिषेक कुमार ने शुक्रवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में तिमाही परीक्षा परिणाम, विद्यार्थियों की औसत उपस्थिति, एमबीयू और अपार आईडी की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान खराब परीक्षा परिणाम सामने आने पर सीईओ अभिषेक कुमार ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने पत्थलगांव विकासखंड के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल फरसाटोली के व्याख्याता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब परीक्षा परिणाम देने वाले विषय शिक्षकों को इसी माह समीक्षा के लिए बुलाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार और बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को गंभीरता से प्रयास करना होगा।
सीईओ ने सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और प्राचार्यों को लंबे समय से अनुपस्थित तथा निलंबित कर्मचारियों की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित निगरानी और विद्यार्थियों की पढ़ाई में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा ने स्वामी विवेकानंद विद्यालयों, गौ विज्ञान परीक्षा, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, वीएसके ऐप में शून्य उपस्थिति दर्ज होने, जाति प्रमाण पत्र शिविर और स्मार्ट क्लास की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विभागीय कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता ने भी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्राचार्यों से विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा। इसके साथ ही शिक्षक-पालक बैठक, विद्यालयों में कराए गए प्रायोगिक कार्यों और शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम प्राप्त करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।
बैठक में यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय, संजय दास, विनोबा के सोमनाथ साहू सहित जिले के सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी और विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।






