स्टेट पेज – जशपुर – सुनील सिन्हा :-
सेंट जेवियर्स इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल, शांति भवन जशपुर में शुक्रवार को ग्रीन डे समारोह 2026-27 उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्रकृति के महत्व को समझाना था। इस अवसर पर विद्यालय परिसर हरियाली की थीम पर सजा नजर आया।
समारोह के दौरान विद्यालय के खुले हॉल, सूचना पट्ट और कक्षाओं को हरे रंग की थीम, प्रकृति से जुड़े चित्रों, आकर्षक चार्ट और पुनर्चक्रित सामग्री से सजाया गया। प्री-प्राइमरी और प्राइमरी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने फल-सब्जियों पर आधारित थ्री-डी मॉडल बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने पत्तियों, फलों, सब्जियों और हरे रंग से जुड़ी विभिन्न वस्तुओं को प्रदर्शित कर प्रकृति के प्रति अपनी रुचि दिखाई।
मिडिल स्कूल के विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी के विद्यार्थियों ने नाटक और गीतों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को रोचक बनाने के साथ प्रकृति को सुरक्षित रखने की आवश्यकता भी बताई।
पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
विद्यालय के प्राचार्य रेभ. फादर अजय केरकेट्टा ने कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रकृति की देखभाल करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय परिसर की चारदीवारी के किनारे लगाए गए पौधों की देखभाल करने की अपील की, ताकि पौधे बड़े होकर परिसर की हरियाली बढ़ा सकें।
कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। समारोह का समापन प्राचार्य द्वारा विद्यार्थियों को दशहरा अवकाश की शुभकामनाएं देने के साथ हुआ। ग्रीन डे समारोह ने बच्चों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की प्रेरणा दी।






