स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :-
सक्षम (समदृष्टि, दक्षता विकास एवं अनुसंधान मंडल) के स्थापना दिवस एवं हेलन केलर जयंती के अवसर पर समर्थ आवासीय विकलांग प्रशिक्षण केंद्र (रंजीता स्टेडियम के सामने) जशपुर में समारोह का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए विभिन्न गतिविधियों एवं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, एल्डरमैन रूपेश सोनी एवं आशुतोष राय उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत श्रीफल भेंट कर किया गया। इसके पश्चात उजियारा समिति के अनुपम नंदे के नेतृत्व में सक्षम गीत का सामूहिक गायन किया गया।
सक्षम के जिला सचिव विजय कुमार शर्मा ने संस्था के उद्देश्यों एवं कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि सक्षम दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए समर्पित राष्ट्रीय संगठन है। संस्था की स्थापना 20 जून 2008 को हुई थी। तब से यह संगठन दिव्यांगजनों की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि सक्षम संस्था दिव्यांगता अधिकार अधिनियम 2016 में उल्लेखित 21 प्रकार की दिव्यांगताओं के क्षेत्र में कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य दिव्यांग एवं सामान्य जनों के सहयोग से दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
सक्षम की सदस्य सविता मिश्रा ने हेलन केलर के जीवन संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए दिव्यांगजनों के लिए विशेष लिपि तैयार की और समाज में नई प्रेरणा का संचार किया। वहीं सुरेश सोनी ने समिति के सदस्यों का परिचय कराया।
नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि दिव्यांगता अभिशाप नहीं, बल्कि ईश्वर द्वारा प्रदान की गई विशेष क्षमता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों में कई ऐसी प्रतिभाएं होती हैं, जो उन्हें समाज में विशेष पहचान दिलाती हैं। उन्होंने सक्षम संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर सक्षम की सदस्य अंजली महापत्र द्वारा बच्चों के लिए खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को कॉपी, पेन एवं बिस्किट पैकेट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
कार्यक्रम में उजियारा समिति की श्रीमती कनक सहित संस्था के सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






