स्टेट पेज जशपुर / मनोरा सुनील सिन्हा :-
नए शिक्षा सत्र के शुभारंभ से पूर्व विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं आकर्षक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखंड मनोरा में तीन दिवसीय शालेय स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है। जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशन एवं सकारात्मक पहल पर यह अभियान 11 से 13 जून 2026 तक विकासखंड की 44 ग्राम पंचायतों में संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत विद्यालय भवनों की सामान्य मरम्मत, परिसर एवं शौचालयों की साफ-सफाई, मध्यान्ह भोजन कक्ष की स्वच्छता, विद्यालय परिसर में उगी झाड़ियों एवं अवांछित वनस्पतियों की सफाई सहित विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों में शिक्षक, शालेय कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं ग्रामीणजन सक्रिय रूप से सहभागिता निभा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के कारण विद्यालय बंद थे तथा 16 जून से नया शिक्षा सत्र प्रारंभ होना है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि विद्यालय खुलने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मनोरा रघुनाथ राम के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान में विकासखंड शिक्षा अधिकारी तरुण कुमार पटेल, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी जगतपाल राम, बीआरसीसी आशुतोष शर्मा, मंडल संयोजक मनोज सिंह, नियुक्त नोडल प्राचार्य एवं संकुल समन्वयक विभिन्न विद्यालयों का भ्रमण कर अभियान की निगरानी कर रहे हैं तथा जनसहभागिता को प्रोत्साहित कर रहे हैं।
जिला प्रशासन द्वारा विशेष रूप से छात्रावासों, आश्रमों एवं शैक्षणिक संस्थानों में आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा संबंधी आवश्यक कार्य भी कराए जा रहे हैं, जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना अथवा अनहोनी की आशंका को न्यूनतम किया जा सके।
स्वच्छता अभियान में जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, सचिवों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से विद्यालय और समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही विद्यालय परिसरों के सौंदर्यीकरण से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का विद्यालयों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा और शिक्षा के अनुकूल सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा।
अभियान के सफल संचालन एवं प्रभावी निगरानी के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर कुल 30 नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
अभियान की रूपरेखा मे 11 जून को 15 ग्राम पंचायतों के 68 विद्यालयों में स्वच्छता कार्य, 12 जून को 14 ग्राम पंचायतों के 85 विद्यालयों में अभियान, 13 जून को 16 ग्राम पंचायतों के 84 विद्यालयों में स्वच्छता कार्यक्रम इसके अलावा 27 शासकीय छात्रावास एवं आश्रम भी अभियान में शामिल
जिला प्रशासन की यह पहल नए शिक्षा सत्र के पूर्व विद्यालयों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं आकर्षक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।






