स्टेट पेज जशपुरन सुनील सिन्हा :-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को नगर स्थित श्री बालाजी मंदिर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा विशेष पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश कुमार सोनी के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जशपुर विधायक रायमुनी भगत उपस्थित रहीं। उनके साथ नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, उपाध्यक्ष यशप्रताप सिंह जूदेव, पार्षदगण तथा भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बालाजी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं भजन-कीर्तन से हुई।
इस अवसर पर विधायक रायमुनी भगत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सफल नेतृत्व की कामना करते हुए भगवान बालाजी से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने राष्ट्र की सुख-समृद्धि, निरंतर प्रगति तथा विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए भी विशेष प्रार्थना की।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक प्रधान सेवक के रूप में सेवा, समर्पण और कर्मठता का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनके नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर नई पहचान बनाई है और करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार जनता का विश्वास प्राप्त कर देश का नेतृत्व कर रहे प्रधानमंत्री का 12 वर्षों का कार्यकाल जनविश्वास, विकास और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को विकास, सेवा, सुशासन और जनकल्याण की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल क्रांति, बेहतर आधारभूत संरचना, ग्रामीण विकास और गरीब कल्याण से जुड़े कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
अंत में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन तथा राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना एवं राष्ट्रहित के संकल्प के साथ हुआ।






