स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :-
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार से जुड़े विवाद को लेकर प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज राजस्व पटवारी संघ ने भी मोर्चा खोल दिया है। संघ ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगों पर शीघ्र अमल नहीं होने की स्थिति में प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जा सकता है।
राजस्व पटवारी संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे केवल एक शासकीय अधिकारी के सम्मान पर हमला नहीं, बल्कि प्रशासनिक व्यवस्था और कानून के शासन को चुनौती देने वाला गंभीर मामला बताया गया है। संघ का कहना है कि इस प्रकार की घटनाओं से राजस्व कर्मचारियों के बीच भय और असुरक्षा का वातावरण निर्मित हो रहा है, जिससे उनके कार्यों और मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
संघ ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल गिरफ्तारी सहित सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी शासकीय कर्मचारी के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो कर्मचारियों की सुरक्षा और गरिमा पर गंभीर सवाल खड़े होंगे।
पटवारी संघ ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ की मांगों का पूर्ण समर्थन करता है। संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो बिना पूर्व सूचना के आंदोलन शुरू किया जा सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला पटवारी संघ जशपुर के अध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, संरक्षक अशोक मांझी, संगठन मंत्री भगवती चरण टंडन, चंद्रशेखर पटेल, यशवंत स्वर्णकार सहित बड़ी संख्या में राजस्व कर्मचारी मौजूद रहे। पटवारी संघ के इस रुख के बाद मामले को लेकर प्रशासन पर दबाव और बढ़ गया है। अब सभी की नजरें शासन और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।






