स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :-
स्वतंत्रता वीर सावरकर जयंती के अवसर पर नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित भव्य समारोह में जशपुर के प्रबल प्रताप सिंह जूदेव को समाजसेवा, सनातन संस्कृति संरक्षण तथा सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित “हिंदू केसरी सेवा, सुरक्षा एवं समरसता पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान माय होम इंडिया संगठन द्वारा प्रदान किया गया।
समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी, राष्ट्रवादी संत स्वामी जितेंद्रानंद सरस्वती, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री जयकुमार रावल, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता सत्यनारायण जटिया तथा माय होम इंडिया के संस्थापक सुनील देवधर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
ज्ञातव्य है कि स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव द्वारा प्रारंभ किए गए ऐतिहासिक ‘घर वापसी अभियान’ को प्रबल प्रताप सिंह जूदेव निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। उनके नेतृत्व में अब तक हजारों धर्मांतरित हिंदुओं की वैदिक रीति-रिवाजों एवं मंत्रोच्चारण के साथ घर वापसी कराकर उन्हें पुनः सनातन संस्कृति से जोड़ने का कार्य किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि ‘हिंदू केसरी’ सम्मान पूर्व में सुदर्शन न्यूज़ के प्रधान संपादक सुरेश चव्हाणके को भी प्रदान किया जा चुका है।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने इसे अपने लिए गौरव, सौभाग्य और प्रेरणा का विषय बताया। उन्होंने कहा कि उनके पूज्य पिता स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव ने अपना सम्पूर्ण जीवन सनातन संस्कृति, राष्ट्रसेवा और सामाजिक समरसता के लिए समर्पित किया था। उन्हीं के आदर्शों से प्रेरणा लेकर वे इस अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज और राष्ट्रहित में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की नई ऊर्जा प्रदान करेगा। सनातन संस्कृति की रक्षा, सेवा, सुरक्षा एवं सामाजिक समरसता का यह अभियान भविष्य में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जारी रहेगा।






