स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :-
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस द्वारा लगातार नवाचारपूर्ण अभियान चलाए जा रहे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया के माध्यम से “हेलमेट पहनिए, इनाम जीतिए” थीम पर रील मेकिंग एवं सेल्फी प्रतियोगिता शुरू कर युवाओं को सड़क सुरक्षा से जोड़ने के बाद अब पुलिस ने नागरिकों से “सड़क सुरक्षा के 7 वचन” दिलाने का अभियान प्रारंभ किया है।
जशपुर पुलिस द्वारा कुछ दिनों पूर्व इंस्टाग्राम और फेसबुक पर सड़क सुरक्षा संबंधी आकर्षक पोस्टर जारी कर रील एवं सेल्फी प्रतियोगिता की शुरुआत की गई थी। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को हेलमेट के उपयोग, सुरक्षित वाहन संचालन और यातायात नियमों के पालन के प्रति प्रेरित करना था। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के लिए नकद पुरस्कार, हेलमेट और पेट्रोल जैसी आकर्षक सौगातें भी घोषित की गई हैं।
इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब जिले भर में नागरिकों को “सड़क सुरक्षा के 7 वचन” दिलाए जा रहे हैं। इस शपथ के माध्यम से लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन संचालन से बचने तथा यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया जा रहा है। साथ ही नागरिकों को अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में तेज गति, लापरवाही, मोबाइल का उपयोग और सुरक्षा उपकरणों की अनदेखी शामिल है। ऐसे में जनसहभागिता के माध्यम से लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। सोशल मीडिया प्रतियोगिता और शपथ अभियान के जरिए सड़क सुरक्षा के संदेश को हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को केवल कानूनी नियम न समझें, बल्कि इसे स्वयं और अपने परिवार के जीवन की सुरक्षा से जोड़कर देखें। पुलिस को विश्वास है कि जनसहयोग और जागरूकता के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है तथा “सुरक्षित जशपुर, समृद्ध जशपुर” के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
सुरक्षित जशपुर, समृद्ध जशपुर।






