स्टेट पेज जशपुर सुनील सिन्हा :-
पति की लंबी आयु और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ मनाए जाने वाले वट सावित्री व्रत को लेकर शुक्रवार को शहर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। पर्व की तैयारियों में जुटी महिलाओं की भीड़ से शहर के प्रमुख बाजार देर शाम तक गुलजार रहे। पूजा सामग्री, फल, मिठाई, श्रृंगार सामग्री और नई साड़ियों की दुकानों पर दिनभर खरीदारों की चहल-पहल बनी रही।
भारतीय संस्कृति और पारंपरिक मान्यताओं में वट सावित्री व्रत का विशेष महत्व माना जाता है। इस अवसर पर महिलाएं वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर अपने पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करती हैं।
शहर के पूजा सामग्री बाजारों में रोली, सिंदूर, धूप, अगरबत्ती, पूजा डलिया, बांस के पंखे, कलश सहित अन्य धार्मिक सामग्रियों की बिक्री पूरे दिन जारी रही। वहीं फल और मिठाई दुकानों में भी ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ देखी गई।
इसके साथ ही कपड़ा बाजारों में नई साड़ियों और पारंपरिक परिधानों की खरीदारी को लेकर महिलाओं में खास उत्साह नजर आया। महिलाएं पर्व को विशेष और यादगार बनाने के लिए आकर्षक साड़ियों एवं श्रृंगार सामग्री की खरीद में व्यस्त दिखीं।
व्रत को लेकर शहर का माहौल पूरी तरह धार्मिक आस्था और पारंपरिक उल्लास से सराबोर नजर आया।






