स्टेट पेज – जशपुर – सुनील सिन्हा
मां दुर्गा की आराधना, भक्ति गीतों की मधुर धुन और गरबा की थाप के बीच जशपुर गरबा महोत्सव का छठवां दिन भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। नारायण जनकल्याण समिति द्वारा बालाजी ग्राउंड में आयोजित महोत्सव में श्रद्धालुओं और गरबा प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मां के जयकारों और भक्ति संगीत से पूरा परिसर गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नगर के प्रतिष्ठित नागरिक अभय सोनी, रामनिवास अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, महेंद्र कुमार अग्रवाल, कमल दुबे, जिमी सोनी तथा कुमुद वस्त्रालय के प्रायोजकगण उपस्थित रहे।
भक्ति गीतों ने बांधा समां
महोत्सव की शाम संगीत और भक्ति के नाम रही। बिलासपुर की प्रसिद्ध गायिका नेहा पांडे ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं रायपुर के अमन अग्रवाल और रांची के अभिषेक उन्नी ने अपनी मधुर आवाज से माहौल को भक्तिमय बना दिया। स्थानीय कलाकार कमलेश्वर सारथी, रेणुका निराला और आकांक्षा यादव की प्रस्तुतियों को भी दर्शकों की खूब सराहना मिली।
महिला समिति के धुवन नृत्य ने मोहा मन
कार्यक्रम में महिला समिति द्वारा प्रस्तुत धुवन नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। पारंपरिक अंदाज में प्रस्तुत इस नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुति के दौरान पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
लक्की ड्रॉ में जागृति को मिली वाशिंग मशीन
गरबा महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ लक्की ड्रॉ का रोमांच भी बना रहा। छठवें दिन के बम्पर लक्की ड्रॉ में जागृति ने वाशिंग मशीन का पुरस्कार जीता। पुरस्कार की घोषणा होते ही उपस्थित लोगों में उत्साह देखने को मिला।
भक्ति, संगीत, पारंपरिक नृत्य और आकर्षक पुरस्कारों के संगम ने जशपुर गरबा महोत्सव के छठवें दिन को यादगार बना दिया। आयोजन में श्रद्धालुओं और नगरवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने उत्सव की रौनक बढ़ा दी।






