स्टेट पेज जशपुर – सुनील सिन्हा :–
शारदीय नवरात्र के सातवें दिन शनिवार, 17 अक्टूबर को सोगड़ा आश्रम में मां भगवती का डोला श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाला जाएगा। इस अवसर पर आश्रम स्थित ब्रह्मनिष्ठालय में मां कालरात्रि का विधिवत पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके बाद शाम 6:30 बजे विशेष रूप से सुसज्जित डोले में मां भगवती को विराजित कर पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कीर्तन-भजन और जयकारों के साथ डोला निकाला जाएगा।
डोला मां भगवती मंदिर से निकलकर आश्रम की परिक्रमा करते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगा। यहां विशेष पूजन-अर्चना के बाद मां भगवती की आरती की जाएगी। सप्तमी कालरात्रि के अवसर पर होने वाले इस धार्मिक आयोजन का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन मां भगवती की आराधना और पूजन करने से श्रद्धालुओं को विशेष पुण्य फल प्राप्त होता है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर मां भगवती के दर्शन करेंगे और पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे। नवरात्र के सातवें दिन मां भगवती का विशेष शृंगार भी किया जाएगा।






